Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर देश में एक नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है। छत्तीसगढ़ में ‘महतारी वंदन’ योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹1000 (₹12,000 सालाना) दिए जा रहे हैं, वहीं पश्चिम बंगाल में आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा द्वारा ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ के तहत ₹3000 प्रति माह (₹36,000 सालाना) देने का वादा किया गया है।
इसी अंतर को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मातृशक्ति का सम्मान सच्चे अर्थों में किया जा रहा है, तो यह पूरे देश में समान होना चाहिए। छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच सहायता राशि में इतना बड़ा अंतर चुनावी सोच को दर्शाता है।
अंकित गौरहा ने कहा, “दर्द की कोई सीमा नहीं होती और ममता की कोई जात नहीं होती, फिर सम्मान राशि में इतना अंतर क्यों? क्या छत्तीसगढ़ की माताओं का सम्मान कम है?” उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी स्पष्ट जवाब की मांग की है।
उन्होंने इसे केवल आर्थिक सहायता का विषय नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और समान अधिकार से जुड़ा मुद्दा बताया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में यह विषय राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा राजनीतिक विमर्श बन सकता है, खासकर तब जब विभिन्न राज्यों में अलग-अलग घोषणाएं सामने आ रही हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

