Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गांवों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बिलासपुर द्वारा आयोजित 15 दिवसीय “पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने महिलाओं को पशुपालन के क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान, व्यवहारिक कौशल और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पशु चिकित्सा विभाग की डॉ. रंजना नंदा एवं डॉ. तन्मय ओट्लवार की उपस्थिति में किया गया था। समापन अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षित “पशु सखियां” गांवों में पशुओं की देखभाल, बीमारियों की प्रारंभिक पहचान, समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूकता और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे ग्रामीण पशुपालकों को समय पर सहायता मिल सकेगी तथा पशुधन की सुरक्षा और उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।
आरसेटी संचालक ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं भविष्य में गांव स्तर पर पशुपालन आधारित सेवाएं देकर सम्मानजनक आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित पोषण एवं खान-पान प्रबंधन, सामान्य बीमारियों की पहचान, समय पर टीकाकरण, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पशुओं की देखभाल से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी दी गई। इसके साथ ही संवाद कौशल का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि महिलाएं ग्रामीण पशुपालकों को बेहतर सलाह एवं मार्गदर्शन प्रदान कर सकें।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि इस पहल से उनके ज्ञान और कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा अब वे आत्मविश्वास के साथ गांवों में पशुपालन सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण, पशुधन संरक्षण और गांवों में पशुपालन सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

