Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत मोपका चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो इलेक्ट्रिक ऑटो में भारी मात्रा में गांजा परिवहन कर रही 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 46 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने परिवहन में उपयोग किए जा रहे दो इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17-18 मई 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ जा रहे दो ई-ऑटो में कुछ महिलाएं भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा बोरियों एवं कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर ले जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मोपका चौकी पुलिस, हमराह स्टाफ, गवाहों एवं ACCU टीम के साथ बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान पुलिस ने दो इलेक्ट्रिक ऑटो (CG10BS7574 एवं CG10CC3813) को रोककर तलाशी ली। जांच में महिलाओं के कब्जे से 8 प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में छिपाए गए कुल 86 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिन्हें खाकी टेप से लपेटा गया था। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 1 किलोग्राम बताया गया है, जबकि कुल वजन लगभग 90 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 716/26 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) एवं 29 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार महिलाओं में ग्राम मटियारी एवं थाना सीपत क्षेत्र की निवासी महिलाएं शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाने की तैयारी थी।
इस बड़ी कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद






.jpeg)

