“आओ सवारें कल अपना” समर कैंप से युवाओं को मिल रहा खेल और कला का प्रशिक्षण, बच्चों को नशे व मोबाइल की लत से दूर रखने की पहल

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP): जिले में युवाओं और बच्चों को खेल, कला एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा “आओ सवारें कल अपना” अभियान के तहत विशेष समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। चेतना अभियान, अतुलनीय बिलासपुर और सुरक्षित बिलासपुर की अवधारणा के अंतर्गत संचालित इस पहल में बच्चों और युवाओं को खेल, मनोरंजन और कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे मोबाइल की लत, नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

यह समर कैंप वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (IPS) के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों और युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कैंप में युवाओं को तायक्वांडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, रनिंग, मनोरंजन गतिविधियां, सिलाई एवं क्राफ्ट जैसी विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षित कोच और विशेषज्ञ बच्चों को नियमित प्रशिक्षण देकर उनके कौशल को विकसित कर रहे हैं।


पुलिस लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड में संचालित इस समर कैंप में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा भाग ले रहे हैं। जानकारी के अनुसार वॉलीबॉल में लगभग 35 बच्चे, हैंडबॉल में 40, हॉकी में 70, रनिंग में 50 तथा तायक्वांडो में करीब 70 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें कई प्रतिभागी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, जिन्हें निरंतर उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह समय-समय पर स्वयं कैंप पहुंचकर गतिविधियों की जानकारी लेते हैं और प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हैं। इसी क्रम में कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल ने भी कैंप का निरीक्षण कर बच्चों से मुलाकात की तथा उन्हें योगा मैट वितरित कर प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया।


वहीं, “आओ सवारें कल अपना” अभियान के तहत पुलिस परिवार की युवतियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई और क्राफ्ट प्रशिक्षण शिविर भी संचालित किया जा रहा है। नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में 60 से अधिक महिलाएं और युवतियां भाग लेकर कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

पुलिस विभाग का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को चेतना अभियान से जोड़ना है, ताकि लोग बुरी आदतों, नशे और अपराध से दूर रहकर पुलिस के साथ मिलकर एक सुरक्षित एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में सहयोग कर सकें।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post