Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम राहत योजना के तहत बिलासपुर में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। चेतना भवन पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना की प्रक्रियात्मक एवं तकनीकी जानकारी विस्तार से दी गई। दूरस्थ क्षेत्रों के अधिकारी-कर्मचारी भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यशाला से जुड़े।
कार्यशाला में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा सुनिश्चित की गई है।
यातायात पुलिस बिलासपुर के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार हेतु iRAD एवं eDAR पोर्टल में 24 घंटे के भीतर पंजीयन आवश्यक है, जबकि गंभीर मामलों में 48 घंटे के भीतर पंजीयन अनिवार्य किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पतालों में पीएम राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। पंजीयन होने के बाद तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रारंभ कर दी जाती है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति की सूचना तत्काल संबंधित थाना एवं आयुष्मान संबद्ध अस्पताल को दें, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
कार्यशाला में अतिरिक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, पीएम राहत योजना के जीआरओ अधिकारी एस.एस. दुबे, सीएमएचओ डॉ. सुभा गरेवाल, बीएमओ डॉ. श्रीकेश गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर शशि सिंह सहित पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासनिक विभागों के अधिकारी एवं थाना प्रभारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

