पीएम राहत योजना पर बिलासपुर में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा कैशलेस उपचार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने और पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बिलासपुर में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। चेतना भवन पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना की प्रक्रियात्मक एवं तकनीकी जानकारी विस्तार से दी गई। दूरस्थ अंचलों के अधिकारी-कर्मचारी भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यशाला से जुड़े।

यातायात पुलिस बिलासपुर के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भारत सरकार की पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार को लेकर आम नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।

कार्यशाला के दौरान जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं डीआईजी व एसएसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों को पीएम राहत योजना के तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा सुनिश्चित की गई है।

जानकारी दी गई कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार के लिए iRAD एवं eDAR पोर्टल में 24 घंटे के भीतर पंजीयन आवश्यक है, जबकि गंभीर मामलों में 48 घंटे के भीतर पंजीयन अनिवार्य किया गया है। सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से इसकी प्रविष्टि की जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी आयुष्मान संबद्ध अस्पतालों में पीएम राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। पंजीयन के बाद मरीज का उपचार तत्काल प्रारंभ हो जाता है। प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति की जानकारी संबंधित थाना एवं आयुष्मान संबद्ध अस्पताल को अवश्य दें, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यशाला में अतिरिक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, जीआरओ अधिकारी एस.एस. दुबे, सीएमएचओ डॉ. सुभा गरेवाल, बीएमओ डॉ. श्रीकेश गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर शशि सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, रामगोपाल करियारे, पंकज पटेल, रश्मित कौर चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी एवं विवेचक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post