Social Activity BSP
हनुमानगढ़ (Social Activity BSP)। हनुमानगढ़ पुलिस ने विदेश से संचालित रंगदारी सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग को लॉजिस्टिक्स और फाइनेंस सपोर्ट देने वाले मुख्य आरोपी चंदनमल उर्फ चानण सारण को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गैंग के फरार सदस्यों को पनाह देने और फिरौती की रकम का प्रबंधन करने में अहम भूमिका निभा रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोगामेड़ी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी 70 वर्षीय चंदनमल, चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र का निवासी है और पुलिस जांच में उसे अंतरराष्ट्रीय रंगदारी सिंडिकेट का मुख्य सहयोगी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गैंग के मुख्य संचालक महेंद्र डेलाना का पिता है, जो वर्तमान में विदेश में बैठकर पूरे गिरोह का संचालन कर रहा है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बेटे के कहने पर उसने करीब 2.50 लाख रुपये की फिरौती की रकम को बीकानेर रोड स्थित एक स्कूल के पास छिपाए गए स्थान से उठाकर ठिकाने लगाया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गैंग के फरार शूटरों और गुर्गों को अपने खेत में बनी ढाणी में अवैध रूप से शरण देता था और पुलिस से बचने में मदद करता था। हाल ही में गैंग के सक्रिय सदस्य राजकुमार उर्फ राजू सेंटर और योगेश उर्फ जोगेंद्र को भी आरोपी ने अपने ठिकाने पर छिपाकर रखा था।
पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(4) और 61(2)(ए) के तहत गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अक्टूबर 2025 में पुलिस ने एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए कई आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। इस पूरे मामले में अब तक एक नाबालिग सहित 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

