Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। सकरी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल दास (30 वर्ष) निवासी जिला गया, बिहार हाल मुकाम ग्राम विंध्यासर थाना सकरी ने थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 मई 2026 को वह अपने साथी सुनील दास के साथ सकरी साप्ताहिक बाजार राशन सामग्री खरीदने आया था। सामान लेकर दोनों वापस विंध्यासर लौट रहे थे।
इसी दौरान लाखासार मोड़ के पास आरोपी ईश्वर यादव उर्फ सत्तु और संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने हाथ-मुक्के और लाठी से मारपीट कर दी।
मामले में सकरी थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर यादव उर्फ सत्तु (24 वर्ष) निवासी ग्राम काठाकोनी थाना सकरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

