ऑनलाइन दवा बिक्री और जीएसआर नियमों के विरोध में 20 मई को बिलासपुर मेडिकल बंद का ऐलान

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। आल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) से संबद्ध जिला औषधि विक्रेता संघ बिलासपुर ने 20 मई को मेडिकल दुकानों के बंद का ऐलान किया है। इस संबंध में मंगलवार को प्रेस क्लब राघवेन्द्र राव सभा भवन में प्रेसवार्ता आयोजित कर संगठन ने अपनी मांगों और विरोध के कारणों को सामने रखा।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला औषधि विक्रेता संघ बिलासपुर के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि यह बंद संगठन की तीन प्रमुख मांगों को लेकर किया जा रहा है। इनमें GSR 220, GSR 817 तथा ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था का विरोध प्रमुख रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में लागू की गई ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था का वर्तमान में बड़े स्तर पर दुरुपयोग हो रहा है।

संघ ने आरोप लगाया कि एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन तैयार कर बिना उचित सत्यापन के दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नारकोटिक एवं साइकोट्रोपिक दवाओं के दुरुपयोग का खतरा बढ़ गया है। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय और उससे जुड़े लाखों परिवारों के रोजगार पर भी संकट खड़ा हो रहा है।

राकेश शर्मा ने कहा कि मेडिकल स्टोरों में फार्मासिस्ट मरीजों को दवाओं की सही जानकारी, डोज और उपयोग के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन देते हैं, जबकि ऑनलाइन व्यवस्था में इस तरह की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्होंने यह भी कहा कि महामारी और आपदा के समय स्थानीय मेडिकल व्यवसायियों ने लगातार जनता की सेवा की है।

जिला औषधि विक्रेता संघ ने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील करते हुए 20 मई के प्रस्तावित बंद में सभी केमिस्ट साथियों से सहयोग की अपील की है। प्रेसवार्ता में सच्चानंद तीर्थानी, हरेंद्र सिंह, संजय महोबे, विशाल गोयल, विजय ठाकुर और नरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post