तखतपुर पुलिस का ‘प्रहार’ अभियान में बड़ा एक्शन, अवैध शराब परिवहन करते आरोपी को दबोचा

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले में नशे और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे विशेष “प्रहार अभियान” के तहत थाना तखतपुर पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना तखतपुर पुलिस को 22 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति नीले रंग की होंडा साइन (Honda Shine) मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 8279 में भारी मात्रा में शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक तलाश रहा है और मोढ़े मार्ग से तखतपुर की ओर जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी तखतपुर विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बेलसरी नाका चौक के पास घेराबंदी की गई।

पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जहां आरोपी रवि बर्मन (36 वर्ष) निवासी ग्राम टेकनपारा पेंड्री तालाब थाना लोरमी जिला मुंगेली के कब्जे से 32 नग देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई। प्रत्येक शीशी में 180 एमएल शराब भरी हुई थी, जिसकी कुल मात्रा 5.760 लीटर पाई गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 2,560 रुपये आंकी गई है। वहीं, परिवहन में प्रयुक्त नीले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल जिसकी अनुमानित कीमत 30,000 रुपये बताई गई है, उसे भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 32,560 रुपये रही।

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अवैध रूप से शराब बिक्री के उद्देश्य से उसका परिवहन कर रहा था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

तखतपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, परिवहन और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ “प्रहार अभियान” के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post