Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फरार हुए एक आरोपी को मध्यप्रदेश में दबिश देकर पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा भी जप्त किया है।
मामला थाना तोरवा क्षेत्र का है, जहां 24 मई 2026 की रात करीब 8:20 बजे प्रार्थी अयन पाटले मोहम्मद बाजार गया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अयन पाटले के सिर पर लोहे के चूड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थी का भाई अमन पाटले मौके पर पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और चाकू से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी निर्मल पासी मोबाइल बंद कर मध्यप्रदेश के महूरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी शिवम पासी को उसके निवास स्थान से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा जप्त किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

