तोरवा पुलिस की बीट मीटिंग में साइबर जागरूकता अभियान, लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। तोरवा पुलिस द्वारा क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से बीट मीटिंग के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने, आमजन से संवाद स्थापित करने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तोरवा निरीक्षक रजनीश सिंह एवं पुलिस स्टाफ द्वारा 26 मई 2026 को साईधाम कॉलोनी, तोरवा क्षेत्र में बीट मीटिंग आयोजित की गई।

“साइबर पाठशाला” कार्यक्रम के तहत पुलिस टीम ने नागरिकों को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, व्हाट्सएप कॉल, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक अधिकारी, निवेश योजनाओं, लॉटरी, केवाईसी अपडेट और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।

पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग जानकारी साझा न करने, फर्जी अधिकारियों की धमकी भरे कॉल से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने की सलाह दी। साथ ही स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने से बचने और साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

बीट मीटिंग के दौरान स्थानीय नागरिकों ने साइबर अपराधों से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। तोरवा पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post