श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर की अनूठी पहल, वृद्धाश्रम में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित एक सराहनीय पहल के तहत श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा माता रानी की कुटिया वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्ध महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। 08 जून 2026 को आयोजित इस शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उन्हें आवश्यक परामर्श, दवाइयां एवं पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया गया।

यह कार्यक्रम श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान मंडल की उपाध्यक्षगण एवं सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। सभी ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्ग महिलाओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनका उत्साहवर्धन किया।

स्वास्थ्य शिविर में डॉ. पारुली साहू एवं उनकी टीम ने 25 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर के दौरान रक्तचाप (BP), नाड़ी (Pulse), CBC, RBS, HbA1c, लिवर प्रोफाइल, किडनी प्रोफाइल एवं लिपिड प्रोफाइल जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के उपरांत जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती शशि दुहन ने वृद्धाश्रम की महिलाओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और उनके स्वास्थ्य की देखभाल समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शिविर के समापन पर वृद्धाश्रम में निवासरत 25 बुजुर्ग महिलाओं को पौष्टिक नाश्ता एवं फल की टोकरियां वितरित की गईं, जिससे उनके प्रति स्नेह, सम्मान और अपनत्व का भाव व्यक्त किया जा सके। समिति की सदस्याओं ने भी पूरे सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।

यह स्वास्थ्य शिविर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर की सामाजिक सेवा, करुणा एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण बना, जिससे वृद्धाश्रम की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ उनमें सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मीयता की भावना भी मजबूत हुई।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post