Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के वर्तमान कार्यकाल की तृतीय आमसभा के अवसर पर मंगला स्थित रामदेव लॉन में भव्य 'सराफा महासम्मेलन 2026' का आयोजन किया गया। "2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल" थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों सराफा व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के संयुक्त प्रयास से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक कृष्ण कुमार बांधी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं सराफा व्यवसायी उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि आबंटन पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र क्रियान्वित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बिलासपुर में भी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित करने तथा स्थानीय कारीगरों के संरक्षण एवं पारंपरिक स्वर्ण व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए स्वर्णकला बोर्ड के गठन की मांग रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में सराफा व्यापारियों से जुड़े कानूनी विषयों पर भी चर्चा हुई। धारा 317 बीएनएस (पूर्व धारा 411 आईपीसी) के प्रावधानों के कारण व्यापारियों को होने वाली परेशानियों और नियमों के सरलीकरण की मांग उठाई गई। इस पर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने संबंधित विभाग से चर्चा कर उचित समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में संस्थापक सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ व्यापारियों तथा प्रदेशभर की विभिन्न सराफा इकाइयों का सम्मान किया गया। साथ ही भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) एवं जीएसटी विभाग के अधिकारियों द्वारा आयोजित विशेष कार्यशाला में हॉलमार्किंग, जीएसटी और नए नियमों से जुड़े विषयों पर व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सराफा एसोसिएशन व्यापारियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और बिलासपुर के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
महासम्मेलन के दौरान साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष आलोक सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय सहित प्रदेश पदाधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

