एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास को एमसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, केंद्रीय कोयला मंत्री की स्वीकृति से साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह अतिरिक्त जिम्मेदारी 1 जुलाई 2026 से छह माह अथवा नियमित निदेशक (मानव संसाधन) की नियुक्ति या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।

बिरंची दास ने 20 मार्च 2024 को एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) का कार्यभार ग्रहण किया था। लगभग तीन दशक के अनुभव के साथ उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंध, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय पहल की हैं।

उनके नेतृत्व में एसईसीएल की प्रमुख सीएसआर पहल "एसईसीएल की धड़कन" के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 300 बच्चों की सफल हृदय शल्य चिकित्सा कराई जा चुकी है। वहीं "एसईसीएल के सुश्रुत" योजना के दो बैच सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। यह देश के किसी भी कोयला सार्वजनिक उपक्रम की पहली ऐसी योजना है, जिसे भारत सरकार के डीबीटी पोर्टल पर सूचीबद्ध किया गया।

मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 से अब तक 1,623 से अधिक भू-स्वामियों तथा 946 आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। साथ ही कर्मचारी कल्याण, औद्योगिक संबंधों और संगठनात्मक विकास से जुड़ी कई कर्मचारी हितैषी पहलें भी लागू की गई हैं।

बिरंची दास ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1994 में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के तालचेर क्षेत्र स्थित देउलबेरा कोलियरी में वेलफेयर ऑफिसर (प्रशिक्षु) के रूप में की थी। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय, ओडिशा से पर्सोनल मैनेजमेंट एवं इंडस्ट्रियल रिलेशंस में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। एमसीएल में अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने, गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के आवास आवंटन नियमों और विभिन्न मानव संसाधन नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वर्तमान में बिरंची दास छत्तीसगढ़ ईस्ट रेलवे लिमिटेड (CERL) तथा छत्तीसगढ़ ईस्ट-वेस्ट रेलवे लिमिटेड (CEWRL) के निदेशक मंडल के सदस्य भी हैं।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post