Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड (गोयल TMT) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत बिलासपुर पुलिस को 10 ट्रैफिक बैरिकेड्स प्रदान किए हैं। यह कार्यक्रम मंगलवार को शहर के कोनी क्षेत्र में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री रामगोपाल उपस्थित रहे। उनके करकमलों से गोयल TMT के अधिकृत विक्रेता मेसर्स लवली ट्रेडर्स के प्रतिनिधि श्री सकार सिंह छाबड़ा की मौजूदगी में बिलासपुर पुलिस को 10 ट्रैफिक बैरिकेड्स औपचारिक रूप से सौंपे गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बीच ऐसे संसाधनों की उपलब्धता यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने गोयल TMT द्वारा जनहित में किए गए इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि निजी संस्थानों की सामाजिक भागीदारी से पुलिस एवं प्रशासन को नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होता है।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन को इस पहल के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपेक्षा जताई।
गोयल TMT प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कंपनी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। यातायात सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक बैरिकेड्स उपलब्ध कराने का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस पहल से कोनी क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे आम नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग एवं कंपनी प्रतिनिधियों के बीच सड़क सुरक्षा और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद







.jpeg)

