Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार में दौड़ रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार चला रही युवती को मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। एक युवती अकेले कार चलाते हुए मंगला चौक से उसलापुर की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक कार में सवार युवती बाहर निकल चुकी थी। बताया जा रहा है कि युवती घटनास्थल से तेजी से उसलापुर की दिशा में भागी और कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़े एक युवक की मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से निकल गई।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, चालक को झपकी आ गई थी या फिर किसी अन्य वजह से वाहन अनियंत्रित हुआ। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

