Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत बिलासपुर के लिंगियाडीह में विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ किया। यह केंद्र जिले की 200 आंगनबाड़ियों के आधुनिकीकरण और उन्नयन के लिए संचालित ₹4.72 करोड़ की परियोजना का हिस्सा है।
इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) अजय बेहरा सहित सीएसआर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्र में नामांकित 22 बच्चों को पुस्तकें, पेंसिल, ड्राइंग पैड, स्केच बुक समेत विभिन्न शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
उन्नत मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए बाल-अनुकूल शिक्षण कक्ष, बेहतर स्वच्छता सुविधाएं, आधुनिक फर्नीचर और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्रारंभिक शिक्षा को अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में बिलासपुर जिले में कई महत्वपूर्ण सीएसआर परियोजनाएं संचालित कर रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में एसईसीएल की सीएसआर निधि से बनने वाले अत्याधुनिक वृद्धाश्रम एवं दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का शिलान्यास भी किया गया था।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

