एसईसीएल मुख्यालय में 21 दिवसीय समर कैंप 2026 का भव्य समापन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और आत्मविश्वास

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में आयोजित “एसईसीएल समर कैंप-2026” का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हुआ। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार में आयोजित समापन समारोह में बच्चों ने योग, नृत्य, संगीत, खेलकूद, कला एवं शिल्प सहित विभिन्न गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर 21 दिनों की सीख और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एचआर-जेसीसी प्रतिनिधि, वेलफेयर कमेटी सदस्य, श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। योग और फिटनेस प्रदर्शन में अनुशासन एवं एकाग्रता की झलक देखने को मिली, जबकि नृत्य, संगीत और कला गतिविधियों में बच्चों की कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और प्रतिभा स्पष्ट रूप से नजर आई। अभिभावकों ने भी बच्चों में आए सकारात्मक बदलाव और आत्मविश्वास में वृद्धि की सराहना की।

अपने संबोधन में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि समर कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी मंच है। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। साथ ही बच्चों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पौधों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

गौरतलब है कि 18 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित इस 21 दिवसीय समर कैंप में लगभग 175 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार समूहों में विभाजित कर फिटनेस, योग, खेलकूद, संगीत, नृत्य, कला एवं शिल्प, विज्ञान एवं नवाचार, सार्वजनिक वक्तृत्व और नेतृत्व विकास जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post