बिल्हा सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को मिली नई गति : धरमलाल कौशिक

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा है कि बिल्हा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सिंचाई, सड़क, शिक्षा, बिजली और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिली है।

गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम "हमर पहुना" में पत्रकारों से संवाद करते हुए कौशिक ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारना भी है। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, विद्युत व्यवस्था और औद्योगिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होने पर लगभग 67 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा पथरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपये तथा दगौरी रेल लाइन के आगे सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मनियारी सिंचाई परियोजना पर भी तेजी से कार्य जारी है।

शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कौशिक ने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों का 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है तथा कई विद्यार्थियों ने 95 से 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव आया है और अनेक विद्यालयों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक हो गई है।

अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले उन्होंने करीब साढ़े चौदह वर्षों तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी संगठन में विभिन्न दायित्व निभाने का अवसर मिला और फिर विधायक के रूप में जनता की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ।

छत्तीसगढ़ राज्य गठन की स्मृतियों को साझा करते हुए कौशिक ने बताया कि राज्य बनने के समय बिलासपुर में उच्च न्यायालय की स्थापना के लिए जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पक्ष रखा था। उन्होंने कहा कि राज्य के संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए राजधानी रायपुर और उच्च न्यायालय बिलासपुर में स्थापित करने की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार किया गया।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने बिल्हा विधानसभा का प्रतिनिधित्व संभाला था, तब क्षेत्र में सड़क और आधारभूत सुविधाओं का अभाव था। उनके प्रयासों से अनेक सड़क परियोजनाएं, विद्युत उपकेंद्र, विद्यालय, महाविद्यालय तथा अन्य जनहितकारी विकास कार्य शुरू हुए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 132 केवी, 220 केवी और 400 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र स्थापित होने से बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।

कौशिक ने कहा कि बिल्हा क्षेत्र में स्थित बिलासपुर हवाई अड्डा, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल तथा सिरगिट्टी, तिफरा, सिलपहरी और दगौरी के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार आने वाले समय में भी जनहित और विकास के कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाती रहेगी।

इससे पूर्व कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post