Social Activity BSP
बिलासपुर, 10 जुलाई (Social Activity BSP) । पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से बिलासपुर जिले में 18 जुलाई को 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में करीब 14.50 लाख पौधे उपलब्ध हैं। इनमें 12.25 लाख पौधे वन विभाग तथा 2.25 लाख पौधे उद्यान विभाग की नर्सरियों में तैयार हैं। वहीं उद्यान विभाग द्वारा 75 हजार पौधे आम नागरिकों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इसके लिए सरकंडा, वेदपरसदा (मस्तूरी), बहतराई (तखतपुर) और करगीकला (कोटा) स्थित नर्सरियों से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस वर्ष अभियान में फलदार और छायादार पौधों के रोपण को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही बड़े आकार के पौधे लगाए जाएंगे ताकि उनके जीवित रहने की संभावना अधिक रहे। कलेक्टर ने ब्लॉक प्लांटेशन मॉडल अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पौधों की नियमित देखरेख की जिम्मेदारी बिहान की महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी जाए। इससे पौधों का संरक्षण सुनिश्चित होगा और भविष्य में फल उत्पादन के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखंड में एक मॉडल फल ग्राम विकसित करने के निर्देश भी दिए। इन गांवों को आम, अमरूद या मुनगा जैसी किसी एक विशेष फलदार प्रजाति के आधार पर विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आजीविका भी मजबूत हो सके।
उन्होंने उद्योगों एवं सार्वजनिक उपक्रमों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उद्योग प्रतिनिधियों ने अभियान में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने उद्योग परिसरों के आसपास उपलब्ध भूमि पर भी पौधरोपण कर नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, डीएफओ नीरज सहित विभिन्न शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को केवल वृक्षारोपण तक सीमित न रखकर इसे पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का स्थायी आंदोलन बनाया जाए।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆





.jpeg)

