Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा विवाद को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई से आहत होकर भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य रसीद बख्श ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों की अनदेखी और आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में रसीद बख्श ने कहा कि नीट परीक्षा विवाद, छात्रों के आंदोलन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बने हालात से वे बेहद दुखी हैं। उनका आरोप है कि छात्रों की मांगों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनका पार्टी पर से विश्वास उठ गया।
रसीद बख्श ने बताया कि वे भाजपा के गनियारी मंडल के सक्रिय सदस्य थे और उन्हें पार्टी की सदस्यता केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के माध्यम से मिली थी। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ चार अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में रसीद बख्श ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे समाजसेवी के रूप में जनता के बीच रहकर सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे। कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों को भी उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है।
प्रेस वार्ता में बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆






.jpeg)

