Social Activity BSP
बिलासपुर, 28 जुलाई (Social Activity BSP) । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में मंगलवार को “सुरक्षित मन, सुरक्षित खदान” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों के मानसिक सशक्तिकरण, सकारात्मक कार्य संस्कृति और कार्यस्थल की सुरक्षा के बीच गहरे संबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से “एसईसीएल – इनर एक्सीलेंस सीरीज़” का शुभारंभ भी किया गया।
राष्ट्रीय अभियान “पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ के साइंटिस्ट्स, इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स विंग के राष्ट्रीय समन्वयक बी.के. पीयूष भाई मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी खदान की वास्तविक सुरक्षा केवल अत्याधुनिक मशीनों और तकनीक पर निर्भर नहीं करती, बल्कि वहां कार्यरत कर्मचारियों की मानसिक स्थिति और सकारात्मक सोच भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि “माइंड सेफ्टी ही माइन सेफ्टी की सबसे मजबूत नींव है।”
बी.के. पीयूष भाई ने कर्मचारियों को वर्तमान में जीने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, स्मार्ट वर्क करने और नियमित मेडिटेशन को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से संतुलित और तनावमुक्त कर्मचारी ही बेहतर निर्णय लेकर सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य संस्कृति का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कर्मचारियों से स्वयं के निरंतर विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “स्वयं को बेहतर बनाइए और राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दीजिए।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को निष्ठा, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र, ब्रह्माकुमारीज़ की बीके मंजू दीदी सहित मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन के प्रति सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही आयोजित विशेष मेडिटेशन सत्र में प्रतिभागियों को तनाव प्रबंधन, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆







.jpeg)

