Social Activity BSP
रायपुर, 20 जनवरी (Social Activity BSP)।
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने समाज में बढ़ती दिखावटी संस्कृति और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के उद्देश्य से एक अहम और साहसिक निर्णय लिया है। संघ ने सर्वसम्मति से प्री-वेडिंग शूट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है।
यह निर्णय शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में प्रदेशभर से सभी जिला अध्यक्षों की उपस्थिति रही, जहां समाज की वर्तमान परिस्थितियों, बदलते सामाजिक संस्कारों, बढ़ती फिजूलखर्ची और दिखावे की प्रवृत्ति पर गंभीर मंथन किया गया।
प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि विस्तृत विचार-विमर्श के बाद समाजहित में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि साहू समाज सादगी, संस्कार और सामाजिक समरसता की परंपरा का प्रतीक रहा है, और प्री-वेडिंग शूट जैसी दिखावटी परंपराएं समाज को मूल मूल्यों से दूर ले जा रही हैं। यह कदम समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास है।
बैठक में तलाक के बढ़ते मामलों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने और वैवाहिक जीवन में सामंजस्य बढ़ाने के लिए पारिवारिक काउंसलिंग व्यवस्था शुरू करने का निर्णय भी लिया गया।
इसके साथ ही समाज में एकता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए सक्रिय प्रयास करने का संकल्प दोहराया गया। प्रदेश साहू संघ ने समाज के प्रत्येक सदस्य से इन निर्णयों का सम्मान करने और समाजहित में सहयोग करने की अपील की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

