Social Activity BSP
बिलासपुर, 19 जनवरी (Social Activity BSP)। बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाकर लूटपाट और हत्या करने वाले गैंग के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गैंग ने पांच माह पहले ट्रक के हेल्पर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मृतक हेल्पर मध्यप्रदेश का निवासी था।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि मूलत: कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी ट्रक चालक राज सिंह अपने हेल्पर पारस केंवट के साथ सीमेंट लोड कर मनेन्द्रगढ़ जा रहे थे। घटना 17 अगस्त 2025 की सुबह करीब 4:30 बजे कोनी थाना क्षेत्र के गतौरी के पास हुई, जब उनकी ट्रेलर पंचर हो गई। टॉयर बदलते समय हेल्पर पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर 6,000 रुपए और मोबाइल लूट लिए।
हेल्पर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर रॉड और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद वह अनुपपुर अपने घर चला गया। 23 अगस्त को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कोतमा अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई। मध्यप्रदेश पुलिस की मर्ग डायरी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मारपीट से लगी चोटों के कारण संक्रमण बताया गया।
कोनी पुलिस और एसीसीयू टीम ने हत्या की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि हाईवे पर लूटपाट करने वाला गैंग हाल ही में जेल से छूटा है। पुलिस ने सिरगिट्टी के बजरंगपारा निवासी जय दिवाकर को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने अपने गैंग के साथ हिर्री और चकरभाठा में भी लूटपाट की स्वीकारोक्ति की।
जांच के बाद तिफरा निवासी सूरज साहू (20) और मन्नाडोल के प्रदीप धुरी (19) को भी पुलिस ने पकड़ा। आरोपियों ने अगस्त महीने में रतनपुर रोड पर गतौरी के पास हेल्पर पर हमला करने की वारदात स्वीकार की। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

