Social Activity BSP
रायगढ़, 19 जनवरी (Social Activity BSP)। रायगढ़ जिले में एक बार फिर अवैध धान से भरा पिकअप पकड़ा गया। इसमें 40 बोरी धान लोड कर मंडी में खपाने की तैयारी थी, लेकिन तहसीलदार और फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने समय रहते इसे रोक लिया। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह सूचना मिली कि खेड़ामा से पोतरा रास्ते में एक पिकअप में अवैध धान परिवहन किया जा रहा है। इस पर तहसीलदार शिवम पांडे और फूड इंस्पेक्टर खुशराम नायक की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब्त धान की कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
जांच के दौरान वाहन रोका गया और इसमें 40 बोरी धान पाए गए। हालांकि, कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। जांच में पता चला कि खेड़ामा निवासी संतोष कुजूर धान को दूसरे किसान के नाम से उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी कर रहा था। जब धान संबंधी वैध टोकन या दस्तावेज मांगे गए, तो चालक उन्हें पेश नहीं कर सका।
धान का परिवहन अवैध पाए जाने पर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। 40 बोरी धान, जिसकी कीमत 49,600 रुपए है, जब्त कर लैलूंगा धान उपार्जन केंद्र भेजा गया। मामले में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

