बिलासपुर में ज्वेलर्स पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की लूट, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

बिलासपुर, 23 फरवरी 2026 (Social Activity BSP)। सरकण्डा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट और जानलेवा हमले की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक पर हमला कर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लूट का शत-प्रतिशत मशरूका, हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए हैं।

अंधा मोड़ पर रची गई थी साजिश

पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर चार बैगों में भरे सोने के जेवरात लेकर अपनी रेनॉल्ट क्विड कार से राजकिशोर नगर स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान अंधा मोड़ के पास एक मारुति ईको ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

जैसे ही वे कार से उतरे, बदमाशों ने पिस्टल तान दी और कट्टे की बट व हथौड़ी से सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड, 3 लाख 50 हजार रुपये नकद और कार लूटकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट से मिला सुराग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसीसीयू, सरकण्डा थाना, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की संयुक्त टीम गठित की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के उत्तर प्रदेश की ओर भागने की पुष्टि हुई।

तत्काल पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया।

हत्या की सुपारी से लेकर लूट की साजिश तक

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरोह को प्रॉपर्टी विवाद में एक कारोबारी की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। 18 दिसंबर 2025 को हत्या और लूट का प्रयास किया गया, लेकिन योजना असफल रही। इसके बाद आरोपियों ने एक होटल कारोबारी को निशाना बनाने की कोशिश की और सदर बाजार क्षेत्र की एक ज्वेलर्स दुकान की तिजोरी उड़ाने की साजिश भी रची। अंततः महालक्ष्मी ज्वेलर्स को टारगेट बनाया गया।

हथियार और वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 लाख 33 हजार रुपये नकद, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, छह धारदार चाकू, छह मोबाइल फोन, एक मारुति ईको, एक रेनॉल्ट क्विड और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो बरामद की है।

अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज

सरकण्डा थाना में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं मिर्जापुर (उ.प्र.) में भी पुलिस पर हमला और लूट की संपत्ति के साथ भागने के प्रयास को लेकर अलग प्रकरण दर्ज किया गया है।

पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है।

यह कार्रवाई न केवल शहर में बढ़ते अपराध पर सख्त संदेश है, बल्कि अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता का भी प्रमाण है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post