Social Activity BSP
दुर्ग, 22 फरवरी (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। एक मामला रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम केसरा का है, जबकि दूसरा जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में सामने आया है। दोनों घटनाओं में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
खेत में मिला किसान का शव, हत्या की आशंका
रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम केसरा में शनिवार शाम ग्रामीणों ने खेत में एक व्यक्ति का शव देखा। पास जाकर पहचान करने पर मृतक की पहचान केसरा निवासी अमरसिंह साहू (करीब 50 वर्ष), पिता कार्तिक साहू के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई हो सकती है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। रविवार को डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाटन अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
शिवनाथ नदी पुल के नीचे अज्ञात शव
इधर जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शनिवार को स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मृतक की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है। शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम गोदना से लिखा हुआ है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी मामलों की जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

