The Institution of Engineers (India) द्वारा अग्नि सुरक्षा पर कार्यशाला, प्रशासन की सक्रिय भागीदारी

Social Activity BSP

बिलासपुर, 28 फरवरी 2026 (Social Activity BSP)। राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर The Institution of Engineers (India), छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से चेतना हॉल, पुलिस लाइन बिलासपुर में “संस्थागत, वाणिज्यिक भवनों और उद्योगों में अग्नि सुरक्षा” विषय पर तकनीकी कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। राज्य केंद्र के अध्यक्ष इंजीनियर पुनीत चौबे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता और तकनीकी प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य वक्ता इंजीनियर अरविंद रस्तोगी ने हाल की अग्नि घटनाओं की केस स्टडी प्रस्तुत करते हुए आग लगने के प्रमुख कारणों, विभिन्न प्रकार की आग के लिए उपयुक्त अग्निशामक यंत्रों के चयन एवं उनके सही उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने फायर अलार्म सिस्टम की कार्यप्रणाली तथा इलेक्ट्रिक वाहनों में संभावित अग्नि जोखिमों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

संभाग आयुक्त श्री जैन ने कहा कि आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरणों की स्थापना के साथ-साथ उनके संचालन का व्यावहारिक ज्ञान भी अनिवार्य है। आईजी श्री गर्ग ने डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। वहीं कलेक्टर श्री अग्रवाल ने बहुमंजिला आवासीय परिसरों, अस्पतालों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और शासकीय भवनों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थानों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, चिकित्सकों, व्यवसायियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। अंत में मानद सचिव डॉ. अजय त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री ज्योति बाला ने किया।

इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सरवे तथा संभागीय सेनानी नगर सेना एन.एस. नेताम एवं कमांडेंट दीपांकर नाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post