बिलासपुर में 10 मार्च को राज्य महिला आयोग की महा जन-सुनवाई, पीड़ित महिलाएं दर्ज करा सकेंगी शिकायत

Social Activity BSP

बिलासपुर, 09 मार्च 2026(Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से महा जन-सुनवाई सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 10 मार्च 2026 को बिलासपुर संभाग स्तर पर महा जन-सुनवाई आयोजित की जाएगी।

यह जन-सुनवाई प्रातः 9 बजे से जल संसाधन विभाग के प्रार्थना भवन स्थित सभाकक्ष में आयोजित होगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक (कैबिनेट मंत्री दर्जा) की अध्यक्षता में गठित न्यायपीठ उपस्थित रहेगी। इस दौरान आयोग की सदस्य सरला कोसरिया और दीपिका शोरी भी मौजूद रहेंगी।

महा जन-सुनवाई के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अधिनियम की धारा 10(3) के तहत बिलासपुर संभाग के जिलों से प्राप्त महिलाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतों की सुनवाई की जाएगी तथा उनका निराकरण किया जाएगा।

इसके साथ ही जन-सुनवाई में उपस्थित होकर पीड़ित महिलाएं नए प्रकरण भी दर्ज करा सकेंगी, जिन पर आयोग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि महा जन-सुनवाई सप्ताह 8 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न संभागों में महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई कर त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है। आयोग ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए जन-सुनवाई में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post