Social Activity BSP
रायपुर, 9 मार्च 2026(Social Activity BSP)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा “नारी शक्ति सम्मान समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 10 मार्च को दोपहर 12 बजे रायपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न योजनाओं की महिला हितग्राहियों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान राज्य के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग” का शुभारंभ भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इन्द्र कुमार साहू तथा रायपुर की महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने बताया कि कार्यक्रम में राज्यभर से आईं स्वच्छता दीदियों, विभिन्न योजनाओं की महिला हितग्राहियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में राष्ट्रीय पुरस्कार, सुपर स्वच्छ लीग शहर, वाटर प्लस, जीएफसी 7-स्टार तथा 5-स्टार प्राप्त करने वाले शहरों की स्वच्छता दीदियों के समूहों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान मिलेगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रथम चरण में विपरीत परिस्थितियों में अपने परिवार के लिए पक्का आवास बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत निर्धारित समय में आवास पूर्ण करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत महिला शहरी पथ विक्रेताओं को चेक भी वितरित किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “नारी शक्ति सम्मान समारोह राज्य की उन मेहनती और प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मान देने का मंच है, जिन्होंने अपने कार्य और समर्पण से शहरी विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्वच्छता दीदियाँ और महिला स्व-सहायता समूह समाज में आत्मनिर्भरता और नेतृत्व का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।”
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

