Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। सरकंडा थाना क्षेत्र में आर्य समाज धर्मशाला से तांबे के बर्तन और पूजा सामग्री चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने एक आरोपी और उसके तीन नाबालिग साथियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी वेद आर्य (25) निवासी केरीबंधा थाना सक्ती, हाल मुकाम डीएलएस कॉलेज के पास आर्य धर्मशाला न्यास दयानंद सेवाधाम सरकंडा ने 7 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि होली त्योहार के कारण धर्मशाला में ताला लगाकर अपने गांव गए थे। इसी दौरान सुदर्शन जायसवाल ने फोन कर बताया कि धर्मशाला का ताला टूटा हुआ है।
धर्मशाला पहुंचने पर देखा गया कि स्टोर रूम में रखे तांबे के बर्तन, प्लेट, ग्लास, चम्मच, लोटा, तांबे की पूजा सामग्री, साउंड बॉक्स, कपड़े और सफाई का सामान सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही निखिल साहू (19) निवासी डीएलएस कॉलेज अटल आवास अशोक नगर सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर आर्य समाज धर्मशाला में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए तांबे के बर्तन, पूजा सामग्री, कपड़े और साउंड बॉक्स सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं तीनों नाबालिगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

