बिलासपुर में यातायात पुलिस की सख्ती: 27,824 वाहन चालकों पर चालान, नो पार्किंग और खतरनाक पार्किंग पर कार्रवाई तेज

Social Activity BSP

बिलासपुर | 9 मार्च 2026
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। नेशनल हाईवे सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस द्वारा आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से पिछले दो वर्षों और जनवरी 2026 से अब तक कुल 27,824 वाहन चालकों पर चालान किए गए हैं। इन चालानों के माध्यम से अब तक 1 करोड़ 14 लाख 16 हजार 300 रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया है। कई मामलों को न्यायालय भी भेजा गया है ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इन धाराओं के तहत हो रही कार्रवाई

यातायात पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • धारा 117/177 – नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना : ₹300

  • धारा 119/177 – यातायात नियमों का उल्लंघन : ₹300

  • धारा 127(3) – कार लिफ्टर से वाहन हटाना : ₹200

  • धारा 127(3) – बाइक लिफ्टर से वाहन हटाना : ₹100

  • धारा 122/177 – सड़क पर खतरनाक स्थिति में वाहन खड़ा करना : ₹300

  • धारा 8/179(1) – पुलिस के आदेश का उल्लंघन : ₹500

यातायात पुलिस द्वारा शहर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। जो भी वाहन सड़क पर आवागमन में बाधा उत्पन्न करते पाए जा रहे हैं, उन्हें तत्काल कार और बाइक लिफ्टर से हटाकर थाने लाया जा रहा है तथा प्रकरण न्यायालय भेजे जा रहे हैं।

नेशनल हाईवे पर भी सख्ती

यातायात पुलिस द्वारा शहर के आंतरिक क्षेत्रों के साथ-साथ नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल, ढाबा, पेट्रोल पंप, दुकान, गैरेज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने खतरनाक तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

व्यापारियों को दिए गए सुरक्षा निर्देश

यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर स्थित होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों की बैठक लेकर उन्हें सुरक्षा संबंधी निर्देश भी दिए हैं।
उन्हें अपने प्रतिष्ठानों के सामने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिंग लाइट, साइन बोर्ड और दिशा सूचक संकेतक लगाने, वाहनों को व्यवस्थित पार्क कराने तथा सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने के लिए कहा गया है। साथ ही सुरक्षा गार्ड का पुलिस सत्यापन भी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस बिलासपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े कर यातायात बाधित न करें। ऐसा करने से न केवल आवागमन प्रभावित होता है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post