Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोर जहुरिया” के प्रमोशन को लेकर रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान फिल्म के निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा, अभिनेता अजय पटेल, अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा और अमृता कुशवाहा उपस्थित रहे। कलाकारों ने फिल्म की कहानी, शूटिंग अनुभव और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए दर्शकों से बड़ी संख्या में फिल्म देखने की अपील की।
फिल्म के निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा ने बताया कि “मोर जहुरिया” एक अलग विषय पर आधारित छत्तीसगढ़ी फिल्म है, जिसमें गांव की संस्कृति, रहस्य, तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, कॉमेडी और प्रेम कहानी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी तखतपुर के एक युवक से प्रेरित है, जिसे नवरात्रि के दौरान “काली माता” की सवारी आने की मान्यता से जोड़ा गया है। दर्शकों को फिल्म में मनोरंजन के साथ भावनात्मक और रहस्यमयी अनुभव भी मिलेगा।
अभिनेता अजय पटेल ने जानकारी दी कि फिल्म 29 मई को पूरे छत्तीसगढ़ के मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग मात्र 15 दिनों में बिलासपुर, मस्तूरी, जयराम नगर और रायपुर सहित कई स्थानों पर पूरी की गई है। वहीं फिल्म के चर्चित गीतों की शूटिंग चिरमिरी और रायपुर के विशेष लोकेशनों में की गई है। उन्होंने कहा कि फिल्म में छत्तीसगढ़ी कलाकारों ने शानदार अभिनय किया है और यह दर्शकों को एक नया अनुभव देगी।
अजय पटेल ने अपने फिल्मी सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वे अब तक छत्तीसगढ़ी, भोजपुरी और उड़िया भाषा की 74 से अधिक फिल्मों और एल्बम में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर निवासी होने के कारण उनका जुड़ाव छत्तीसगढ़ी फिल्मों से विशेष रहा है। “मोर जहुरिया” में उन्होंने एक चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया है, जिसमें काली माता की सवारी और कई रहस्यमयी घटनाओं को दर्शाया गया है।
अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा ने बताया कि यह उनके करियर की तीसरी फिल्म है और इससे पहले वे “बिरनपुर फाइल्स” में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि “मोर जहुरिया” दर्शकों को पसंद आएगी और उनके करियर में खास स्थान बनाएगी।
वहीं अभिनेत्री अमृता कुशवाहा ने बताया कि यह उनकी दूसरी फिल्म है। इससे पहले वे “हंडा” में अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म एक पारिवारिक सस्पेंस ड्रामा है, जिसमें रहस्य और रोमांच दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा। कलाकारों ने संयुक्त रूप से दर्शकों से 29 मई को सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देखने की अपील की।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

