तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुसा युवक, बोलेरो-बाइक में की तोड़फोड़; पुसौर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में पड़ोसी के घर में तलवार लेकर घुसकर दहशत फैलाने और वाहनों में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। ग्राम सोडेकेला में एक युवक ने गुस्से में पड़ोसी के घर में घुसकर बोलेरो और बाइक पर तलवार से हमला कर भारी नुकसान पहुंचाया, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल (32 वर्ष) ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि 16 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन (CG 10 AE 9117) और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 13 AH 6481) पर तलवार से हमला कर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

पीड़ित के विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर जान से मारने दौड़ाया, जिससे संतोष पटेल अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। घटना में दोनों वाहनों को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।

पीड़ित की शिकायत पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296, 351(3), 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मृत्युंजय बिशी (18 वर्ष 3 माह), निवासी सोडेकेला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जब्त कर ली गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि, “हथियार लेकर दहशत फैलाने, घरों में घुसकर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों पर रायगढ़ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।”


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post