Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। कोटा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर एक युवक की पत्थर से वार कर निर्मम हत्या करने के मामले में कोटा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जून 2026 को प्रार्थी आलोक सिंह ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल फोर सीजन के आगे कच्चे मार्ग में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि एक आरोपी ने निखिल गोस्वामी की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंचने पर निखिल गोस्वामी गंभीर हालत में मिला, जिसका सिर पत्थर से कुचला गया था और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे चार आरोपियों को 11 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी, निखिल राव उर्फ निक्कू, करण दास मानिकपुरी और कुश साहू उर्फ बुतरू शामिल हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

