उधारी के पैसे मांगना पड़ा भारी: महिला से मारपीट करने वाले दो सगे भाई 24 घंटे में गिरफ्तार

Social Activity BSP

९ जून २०२६ (Social Activity BSP)। उधार के पैसों की मांग को लेकर महिला के साथ मारपीट करने वाले दो सगे भाइयों को घरघोड़ा पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर दबिश दी और उन्हें हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 08 जून 2026 को बैहामुड़ा निवासी धनेश्वरी साहू ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह छाल रोड स्थित अपने घर से लगे ढाबे का संचालन करती हैं। करीब एक वर्ष पहले उन्होंने परिचित जितेन्द्र साहू को जरूरत के समय 5,000 रुपये उधार दिए थे। कई बार पैसे वापस मांगने के बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।



पीड़िता के अनुसार, 08 जून की शाम करीब 4 बजे जितेन्द्र साहू और उसका भाई राजेन्द्र साहू उसके ढाबा-नुमा घर में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों ने महिला के साथ मारपीट की और धमकी देकर मौके से चले गए। घटना के बाद महिला ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

महिला की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र साहू (21 वर्ष) और राजेन्द्र साहू (19 वर्ष), दोनों निवासी बैहामुड़ा, थाना घरघोड़ा से पूछताछ के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के साथ हिंसा, अभद्रता और मारपीट जैसी घटनाओं में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post