Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा और शराब के कारोबार में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों के कब्जे से गांजा, अवैध शराब और बिक्री रकम जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 9 जून 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने ग्राम बिरगहनी निवासी जयराम गंधर्व के घर छापेमारी कर 12 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। वहीं ग्राम लखराम निवासी देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 18 लीटर) एवं 2 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
इसके अलावा ग्राम कलमीटार में दुर्गा मंदिर के पास रेड कार्रवाई कर गीता बाई बंजारे के कब्जे से 310 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है, तथा गांजा बिक्री की 270 रुपये नकद राशि जब्त की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना रतनपुर पुलिस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

