Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में एक निजी स्कूल के शिक्षक पर 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोप का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक राहुल बंगारु के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को किताब दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद उसे धमकाया गया, जिसके कारण वह लंबे समय तक डरी-सहमी रही और किसी को जानकारी नहीं दे सकी।
बताया जा रहा है कि वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन को घटना की जानकारी दी। पीड़िता पक्ष ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन ने मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के दौरान उन्हें विभिन्न थानों के चक्कर लगाने पड़े। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह मामला सामने आने के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील मामलों में प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

